झारखंड के 119 स्कूलों को मिलेगा मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 9 दिसंबर। झारखंड सरकार ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के 119 स्कूलों को मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने सोमवार को चयनित स्कूलों की सूची जारी कर दी। ये स्कूल 2024-25 सत्र में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्धारित सात मानकों पर सबसे बेहतर अंक प्राप्त करने में सफल रहे।

चयनित स्कूलों में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक तथा आदर्श विद्यालय शामिल हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 87 तथा शहरी क्षेत्र के 32 स्कूल हैं। सबसे अधिक 18 स्कूल रांची जिले से चुने गए हैं, जबकि गढ़वा, लातेहार और पलामू से भी उल्लेखनीय संख्या में स्कूल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन 15 दिसंबर को रांची में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रतीकात्मक रूप से 11 सर्वश्रेष्ठ स्कूलों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। शेष 108 स्कूलों को जिला स्तर पर डीसी और डीईओ के हाथों नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न दिए जाएंगे। प्रत्येक चयनित स्कूल को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने बताया कि इस बार 44 हजार से अधिक स्कूलों ने ऑनलाइन पोर्टल पर भाग लिया था। स्वच्छ पेयजल, अलग-अलग शौचालय, हैंडवॉश सुविधा, कचरा प्रबंधन और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन जैसे मानकों पर सख्त मूल्यांकन किया गया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार न केवल सम्मान है, बल्कि बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने का माध्यम भी है।

विभाग ने अगले सत्र से सभी स्कूलों के लिए पुरस्कार हेतु पंजीकरण अनिवार्य करने का निर्णय लिया है।