रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 08 दिसंबर : उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने सोमवार को समाहरणालय के ब्लॉक-बी सभाकक्ष में जिला शिक्षा विभाग के कार्यों एवं चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मध्याह्न भोजन, पेयजल, शौचालय, किताब-यूनिफॉर्म वितरण सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई।
उप विकास आयुक्त ने मध्यान भोजन योजना में निर्धारित रोस्टर का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। पेयजल सुविधा से वंचित विद्यालयों को चिह्नित कर 15 दिनों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया तथा कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए।
मुफ्त पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म एवं स्कूल बैग के शत-प्रतिशत वितरण पर जोर देते हुए शेष कार्य तत्काल पूरा करने को कहा गया। शिक्षा का अधिकार अधिनियम, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, खेलो झारखंड, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय तथा प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय योजनाओं की भी समीक्षा की गई और सभी योजनाओं के सफल संचालन हेतु अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उप विकास आयुक्त ने कहा कि बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।