रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 4 दिसंबर। रामगढ़ जिले के एनएच-३३ पर नई सराय ट्रैफिक चेकपोस्ट के समीप मंगलवार दोपहर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। एक ग्लैमर मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या JH11S-4198) की डिक्की से एक देशी कट्टा (सिक्सर) बरामद हुआ है। चालक कागजात लाने के बहाने मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे नई सराय स्थित चेकपोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान उक्त मोटरसाइकिल को रोका गया। चालक से रजिस्ट्रेशन पेपर व ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो उसने कहा कि कागज घर पर हैं, अभी लाकर देता हूं। पुलिसकर्मियों ने उसका फोटो खींचकर कुछ समय दिया।
लगभग साढ़े चार घंटे तक इंतजार के बाद भी जब युवक वापस नहीं लौटा तो पुलिस को संदेह हुआ। मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। एप के माध्यम से चेसिस, इंजन व रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई तो सभी नंबर सही पाए गए।
पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ला दिया है। फरार चालक की तलाश और मालिक का पता लगाने के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में अवैध हथियारों पर लगाम कसने हेतु चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।