रामगढ़ सिविल कोर्ट में झड़प के बाद झारखंड के सभी न्यायालयों की सुरक्षा पर हाई अलर्ट, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया पत्र

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 1 दिसंबर 2025: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। रामगढ़ सिविल कोर्ट में दो आपराधिक गिरोहों के बीच हुई खुली झड़प और मारपीट की गंभीर घटना के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।

एडीजी (अभियान एवं कानून व्यवस्था) टी. कंदसामी ने रांची, जमशेदपुर, धनबाद सहित सभी 24 जिलों के एसएसपी/एसपी को तत्काल पत्र भेजकर न्यायालयों की सुरक्षा का व्यापक ऑडिट कराने का आदेश दिया है। पत्र में साफ कहा गया है कि कोर्ट परिसर में हुई हालिया घटना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक को दर्शाती है।

ऑडिट में निम्न बिंदुओं की जांच होगी:  

• प्रवेश-निकास द्वारों पर तैनात बल की संख्या एवं सतर्कता

• सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता एवं कवरेज

• मेटल डिटेक्टर, डीएफएमडी एवं हैंड-हेल्ड डिटेक्टर की स्थिति

• अंदरूनी एवं बाहरी परिसर में गश्त व्यवस्था

• आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान एवं निगरानी

सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि पूर्ण ऑडिट रिपोर्ट तीन दिन के अंदर पुलिस मुख्यालय को भेजी जाए। रिपोर्ट के आधार पर कमियों को तुरंत दूर करते हुए सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालयों में इस तरह की घटनाएँ न्यायिक प्रक्रिया पर सीधा असर डालती हैं, इसलिए अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।