नीट के नाम पर 100 करोड़ की ठगीः दो बड़े जालसाज गिरफ्तार

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

लखनऊ, 28 नवंबर: एमबीबीएस में दाखिले और नीट परीक्षा पास कराने के नाम पर देशभर में छात्रों को ठगने वाले दो बड़े जालसाजों को लखनऊ पुलिस की साइबर क्राइम सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी “स्टडी पाथवे कंसलटेंसी” के नाम से दिल्ली, नोएडा, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में कार्यालय चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अब तक करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी की है। उनके खिलाफ नई दिल्ली, गौतमबुद्धनगर, बिहार, सहारनपुर, प्रयागराज और लखनऊ के विभूतिखंड व साइबर क्राइम थानों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। अधिकांश शिकायतें नीट में कम अंक आने पर “गारंटीड पास” कराने, सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मैनेजमेंट कोटा या डोनेशन के नाम पर सीट दिलाने की हैं।

आरोपी पहले 5-10 लाख रुपये एडवांस लेते थे, फिर 50 लाख से 2 करोड़ तक की मांग करते थे। सीट नहीं मिलने पर न पैसे लौटाते थे, न कोई वैध दस्तावेज देते थे। ज्यादातर पीड़ित मध्यमवर्गीय परिवार थे जो अपने बच्चों को डॉक्टर बनते देखना चाहते थे।

पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से फर्जी लेटरहेड, नकली एडमिशन लेटर, सैकड़ों बैंक खातों के विवरण और लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं। पूछताछ में कई और राज्यों में उनके सहयोगी होने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने छात्रों व अभिभावकों से अपील की है कि मेडिकल सीटें केवल MCC व राज्य काउंसलिंग अथॉरिटी की आधिकारिक वेबसाइट से ही आवंटित होती हैं। किसी भी कंसलटेंसी के “गारंटीड सीट” या “बैकडोर एंट्री” के दावे पर भरोसा न करें और ठगी होने पर तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल या 1930 पर शिकायत करें।