बिहार में नई सरकार गठन की तैयारियाँ तेज, आज खत्म होगी आचार संहिता

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

पटना, 16 नवंबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया ने जोर पकड़ लिया है। 243 सीटों में से एनडीए ने 202 सीटें जीतीं, जबकि महागठबंधन महज 35 पर सिमट गया। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते समयबद्ध तरीके से शपथ ग्रहण की तैयारी चल रही है।

सूत्रों के अनुसार, आदर्श आचार संहिता आज 16 नवंबर को समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 18 से 20 नवंबर के बीच 10वीं बार शपथ ले सकते हैं। जद(यू) नेता श्याम राजक ने स्पष्ट किया, “नीतीश ही एनडीए के नेता हैं, कोई विकल्प नहीं।”

शपथ समारोह की तारीख पीएम नरेंद्र मोदी के शेड्यूल से समन्वित की जा रही है। संभावना है कि 19 या 20 नवंबर को राजभवन या गांधी मैदान में भव्य आयोजन हो। एनडीए विधायक दल की बैठक में कैबिनेट विस्तार और डिप्टी सीएम पदों पर मुहर लगेगी। बीजेपी (89 सीटें), जद(यू) (85) और चिराग पासवान की एलजेपी(आरवी) (19+) की भूमिका अहम रहेगी।

15 नवंबर को चिराग पासवान, सम्राट चौधरी सहित नेताओं ने नीतीश से मुलाकात की। पोर्टफोलियो बंटवारे पर चर्चा हुई। मौजूदा मंत्रिमंडल को ज्यादातर बरकरार रखने की योजना है, पर बीजेपी की बढ़त से कुछ बदलाव संभव।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से नीतीश आज या कल इस्तीफा सौंपकर नई सरकार का दावा पेश करेंगे। विकास और सुशासन पर आधारित यह जीत बिहार को ‘विकसित राज्य’ बनाने की दिशा में नया अध्याय खोलेगी।