रांची, 25 नवंबर: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज, 25 नवंबर से शुरू होगा। इस विशेष सत्र में केंद्र सरकार के MMDR कानून और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विशेष सत्र को लेकर राज्य का राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इन मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
सत्र के पहले दिन यानी बुधवार को सुबह 11 बजे से SIR पर चर्चा होगी। इसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान नामों के सत्यापन, नोटिस और पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूटने की आशंकाओं को लेकर सरकार अपना पक्ष रखेगी। सरकार की ओर से SIR के विरोध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजे जाने की भी संभावना है।
वहीं, 26 नवंबर को दूसरे दिन MMDR संशोधन अधिनियम पर चर्चा होगी। राज्य सरकार का तर्क है कि इस संशोधन से खनिज संपदा पर सेस वसूली के अधिकार और राज्य के राजस्व पर असर पड़ सकता है। इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है।
इधर, भाजपा ने विशेष सत्र बुलाने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। भाजपा का कहना है कि MMDR संशोधन से अवैध खनन और खनिज कारोबार पर अंकुश लगेगा, जबकि SIR निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया है। ऐसे में दोनों मुद्दों पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने के आसार हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस विशेष सत्र पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हैं।