झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत समाज कल्याण विभाग ने आयोजित किया मशाल सह जागरूकता अभियान, नशामुक्त समाज बनाने की दिलाई शपथ
रामगढ़, 26 नवंबर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को समाज कल्याण विभाग, रामगढ़ की ओर से नशामुक्ति को लेकर मशाल सह जागरूकता यात्रा निकाली गई। ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के संकल्प के साथ आयोजित इस यात्रा में लगभग 400 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के माध्यम से आम लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
जागरूकता यात्रा का शुभारंभ सिदो-कान्हू मैदान से हुआ। यात्रा चट्टी बाजार और लोहार टोला होते हुए सुभाष चौक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, संस्थाओं में आवासित बच्चे और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। सुभाष चौक पर यात्रा के समापन के अवसर पर उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलको, अभियान संस्था के झारखंड कोऑर्डिनेटर आकाश शर्मा, मेरा युवा भारत मिशन के नितेश कुमार मोदी, मनोज कुमार राय, अंबिका रानी, समाजसेवी कमल बगड़िया, छावनी परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह, रामगढ़ थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक गजेंद्र पांडे सहित सूरज जायसवाल, अमित कुमार, आशा कुमारी, मनोज कुमार एवं ऋषि राज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज कल्याण विभाग ने नागरिकों, खासकर युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। वक्ताओं ने नशामुक्त रामगढ़ के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता और जनजागरूकता को जरूरी बताया।