रांची में 45 हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई का आदेश, 24 घंटे में संचालन बंद करने का निर्देश

Spread the News

रांची, 25 नवंबर: राजधानी रांची में नगर निगम ने 45 हॉस्टल, लॉज एवं कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश जारी किया है। निगम ने संबंधित संस्थानों को 24 घंटे के भीतर अपना संचालन बंद करने को कहा है। इस आदेश से हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थान संचालकों में हड़कंप मच गया है।

नगर निगम के अनुसार, कई संस्थान आवश्यक वैधानिक अनुमतियों के बिना संचालित हो रहे हैं। वहीं, कुछ भवनों का उपयोग स्वीकृत भवन नक्शे के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।

निगम ने संबंधित संस्थानों से ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी), स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।

नगर निगम इससे पहले नियमों का पालन नहीं करने वाले 10 संस्थानों का संचालन बंद करा चुका है। अब 45 अन्य संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित भवनों को सील किया जाएगा। साथ ही झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।