रांची, 21 सितंबर: बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र अब झारखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम अगले 24 से 48 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए डिप्रेशन और इसके बाद डीप डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। इसके 23 सितंबर के आसपास दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट के समीप पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम प्रणाली के प्रभाव से झारखंड में 23 और 24 सितंबर के आसपास बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, सिस्टम के प्रभाव से राज्य के अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी। अगले दो दिनों के बाद झारखंड के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। इससे उमस और गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बनने वाली यह प्रणाली ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों से आगे बढ़ने के दौरान झारखंड समेत आसपास के राज्यों के मौसम को प्रभावित कर सकती है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।