रांची RSS कार्यालय पेट्रोल बम हमला: ED की चार राज्यों में छापेमारी

Spread the News

रांची, 18 सितंबर: राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रदेश कार्यालय पर जून में हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। ED की टीमों ने झारखंड, बिहार, दिल्ली और कर्नाटक में कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।

जांच एजेंसी इस मामले में कथित वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही है। ED ने यह जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी की ओर से दर्ज मामले के आधार पर शुरू की है। रिपोर्टों के मुताबिक, तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

बताया गया है कि रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित RSS कार्यालय पर 16-17 जून की मध्यरात्रि दो पेट्रोल बम फेंके गए थे। घटना में एक बम इमारत की छत पर गिरा और आग लग गई, जबकि दूसरा प्रवेश द्वार के पास गिरा। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।

इस मामले की जांच पहले झारखंड पुलिस और एटीएस से होते हुए NIA तक पहुंची। NIA ने जुलाई में मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब ED कथित आर्थिक कड़ियों की जांच कर रही है। जांच के दौरान पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क का नाम भी सामने आने की बात अधिकारियों के हवाले से रिपोर्टों में कही गई है। हालांकि इस संबंध में जांच अभी जारी है और एजेंसियों की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।