रामगढ़, 02 नवंबर: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के अरगड्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार को सीसीएल के सर्वश्रेष्ठ महाप्रबंधक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। रविवार को कोलकाता स्थित कोल इंडिया लिमिटेड मुख्यालय में आयोजित समारोह में कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान सत्यजीत कुमार के नेतृत्व, उत्कृष्ट कार्यशैली और अरगड्डा क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन के लिए दिया गया है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में उत्पादन, कार्य निष्पादन, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास से जुड़े कार्यों को गति मिली है। साथ ही सामुदायिक विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विभिन्न पहल की गई हैं।
इस उपलब्धि से अरगड्डा क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। सत्यजीत कुमार को मिले इस सम्मान को पूरे अरगड्डा क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है। क्षेत्र के कर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अरगड्डा क्षेत्र भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल करेगा।