चंद्रशेखरन फिर बने टाटा संस के चेयरमैन, पांच साल का मिला कार्यकाल

Spread the News

मुंबई, 18 सितंबर: टाटा संस के बोर्ड ने एन. चंद्रशेखरन को एक बार फिर कंपनी का कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया है। उन्हें पांच साल का नया कार्यकाल दिया गया है। यह फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब चंद्रशेखरन ने पिछले महीने मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद पद पर बने नहीं रहने की घोषणा की थी। उनका वर्तमान कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त होना था।

बोर्ड के फैसले के अनुसार चंद्रशेखरन ने अपने पहले के निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध स्वीकार किया है। हालांकि, नियुक्ति को लेकर टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच मतभेद सामने आए हैं। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है। ट्रस्ट्स के पास टाटा संस में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

बोर्ड ने टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ने का भी निर्णय लिया है। इससे कंपनी के स्वामित्व, शासन व्यवस्था और भविष्य की रणनीति को लेकर आने वाले समय में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

एन. चंद्रशेखरन ने फरवरी 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था। उनके नेतृत्व में टाटा समूह की विभिन्न कंपनियों के स्तर पर कई बड़े कारोबारी फैसले हुए हैं।पुनर्नियुक्ति के बाद अब उनका कार्यकाल आगे पांच वर्षों तक जारी रहने का रास्ता साफ हुआ है।