राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय के फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी में विद्यार्थियों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा

Spread the News

रामगढ़, 11 सितंबर: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों द्वारा नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई देने के उद्देश्य से फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एच-ब्लॉक स्थित वर्कशॉप परिसर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इस दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, तकनीकी एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया। विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता और मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को यादगार बना दिया। विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने कहा कि नवप्रवेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाएं। वहीं विदाई ले रहे विद्यार्थी अपने ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से सफलता के नए आयाम स्थापित करें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान, अनुशासन एवं प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, तकनीकी ज्ञान, नवाचार एवं निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विदाई समारोह के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में बिताए अनुभव साझा किए और कनिष्ठ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन निशा कुमारी ने किया।

मौके पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, संकाय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।