निष्ठा DDU-KK प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा

Spread the News

रामगढ़, 11 सितंबर: उपायुक्त के निर्देश पर जिला कौशल पदाधिकारी ने गुरुवार को निष्ठा DDU-KK प्रशिक्षण केंद्र, रामगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, प्रयोगशाला व्यवस्था और प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में कुल आठ प्रशिक्षण बैच संचालित पाए गए। जिला कौशल पदाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं, प्रयोगशालाओं तथा केंद्र में उपलब्ध अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र प्रबंधक, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण संचालन एवं प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।

इस दौरान GDA (General Duty Assistant) प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके विषयगत ज्ञान का आकलन किया गया। प्रशिक्षणार्थियों से CPR, रक्तचाप मापने, बुखार मापने और हाथ धोने की विभिन्न विधियों सहित प्रशिक्षण में पढ़ाए गए विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रशिक्षणार्थियों ने संतोषजनक जानकारी दी और BP मापने की व्यावहारिक प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया।

जिला प्रशासन के अनुसार निरीक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रशिक्षणार्थियों की सीखने की स्थिति का आकलन करने के साथ आधारभूत सुविधाओं एवं भोजन व्यवस्था की समीक्षा करना था। प्रशासन द्वारा कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण केंद्रों की नियमित निगरानी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।