जमशेदपुर, 10 सितंबर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम दर्ज पाए गए हैं। पासपोर्ट सत्यापन से उनकी विदेशी नागरिकता की पुष्टि होने के बाद इनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं। मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा के अनुसार, ये तीन व्यक्ति आसिल खान (47 वर्ष), मोहम्मद असलम (41 वर्ष) और मोहम्मद इब्राहिम (44 वर्ष) हैं। इनके नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 286 (हिंदुस्तानी संघ मध्य विद्यालय, गोलमुरी) की मतदाता सूची में क्रमशः 30, 31 और 33 नंबर पर दर्ज थे।
ये नाम पहले से ही मतदाता सूची में शामिल थे। SIR की प्रक्रिया के दौरान इन्होंने इम्यूनरेशन फॉर्म भी भरा और 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में भी इनके नाम शामिल हो गए। दस्तावेज़ सत्यापन में विसंगतियां पाए जाने पर तीनों को नोटिस जारी किए गए। आवश्यक दस्तावेज़ पेश न कर पाने पर पासपोर्ट की जांच की गई, जिसमें इनकी अफगानिस्तान की नागरिकता की पुष्टि हुई।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “तीन विदेशी नागरिकों की पहचान हुई है। एक की नागरिकता पूरी तरह पुष्टि हो चुकी है, बाकी दो की जांच चल रही है। इनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।” उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू की गई है कि विदेशी नागरिकों के नाम कैसे सूची में शामिल हुए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने जमशेदपुर के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि मामले की गहन जांच करें और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। अधिकारियों का कहना है कि SIR प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध बनाना है और विदेशी नागरिकों के नाम हटाना इसका अनिवार्य हिस्सा है।
यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए आगे जांच की मांग की है।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी।