जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 09 सितंबर: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने बारी-बारी से आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। प्राप्त आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजना, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, मुआवजा राशि, पेयजल, रोजगार, विद्यालय शिफ्टिंग और नाली निर्माण समेत कई मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों के निष्पादन में गंभीरता बरतें। जिला प्रशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।