रांची, 14 अगस्त: झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कथित परीक्षा अनियमितता मामले में CID ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। CID थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने सात वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राज्य के कई हिस्सों में छापेमारी की। आरोपियों के खिलाफ जारी वारंट जारी करते हुए घर पकड़ करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
जांच एजेंसी के मुताबिक इस सूची में रांची के नामकुम क्षेत्र के आदित्य पांडेय, टाटीसिलवे के पवन कुमार सिंह, पलामू के रविशंकर कुमार और संतोष कुमार सिंह, बोकारो स्टील सिटी के सानन्द प्रकाश, हजारीबाग के लालू कुमार यादव तथा गिरिडीह के बेंगाबाद क्षेत्र के सौरभ कुमार पांडेय शामिल हैं। CID की टीमें इनसे जुड़े संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई कर रही हैं।
मामले की जांच में अब OMR Carbon Copy भी अहम साक्ष्य के तौर पर जांच के दायरे में है। CID की विशेष टीम ने उपलब्ध कार्बन कॉपी का संबंधित रिकॉर्ड से मिलान और उसकी बारीकी से जांच शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के जरिए परीक्षा में संभावित गड़बड़ी और उससे जुड़े लोगों की भूमिका के संबंध में ठोस साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
CID का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। एजेंसी ने संकेत दिया है कि जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुरूप कदम उठाया जाएगा।