जरीना खातून संग्रहालय पहुंचे राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के खोरठा विभाग के विद्यार्थी, पुरातात्विक धरोहरों से हुए रूबरू

Spread the News

रामगढ़, 01 अगस्त: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के खोरठा विभाग के स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत 31 जुलाई को चितरपुर स्थित जरीना खातून संग्रहालय सह रिसर्च सेंटर का भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड की पुरातात्विक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना तथा उनके शोध एवं अध्ययन को व्यावहारिक अनुभव से समृद्ध करना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रामगढ़ की मेगालिथिक सभ्यता से जुड़े पुरातात्विक अवशेष, पाषाणकालीन औजार, प्राचीन मूर्तियां, ऐतिहासिक कलाकृतियां, पांडुलिपियां, प्राचीन सिक्के, आभूषण, डाक टिकट संग्रह सहित अनेक दुर्लभ धरोहरों का अवलोकन किया। संग्रहालय के निदेशक फैयाज अहमद ने विद्यार्थियों को विभिन्न पुरावशेषों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उनके संरक्षण के महत्व तथा झारखंड की प्राचीन सभ्यता से उनके संबंध की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है। संग्रहालय, ऐतिहासिक स्थल और सांस्कृतिक धरोहरें विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करती हैं तथा उनके व्यक्तित्व और शोध क्षमता को समृद्ध बनाती हैं।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने शैक्षणिक भ्रमण की सफलता पर विभाग और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इस पहल की सराहना की।

खोरठा विभागाध्यक्ष ओहदार अनाम ने कहा कि खोरठा भाषा, साहित्य और झारखंड की संस्कृति का अध्ययन स्थानीय इतिहास एवं पुरातात्विक विरासत को समझे बिना अधूरा है। उन्होंने कहा कि जरीना खातून संग्रहालय का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा, जहां संरक्षित पुरातात्विक सामग्री, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर, मुद्राशास्त्र, पांडुलिपियां, प्राचीन आभूषण तथा डाक टिकट संग्रह ने उन्हें झारखंड के समृद्ध इतिहास से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करता रहेगा।

इस अवसर पर स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर के मनीष कुमार, राखी कुमारी, स्वीटी कुमारी, ममता कुमारी, प्रमोद कुमार, नरेश कुमार, मानस कुमार, मनस्वी, ब्रह्मदेव महतो, सूदन कुमार, राजदीप कुमार, मुस्कान कुमारी, अनिता कुमारी, पुष्पा कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।