रामगढ़, 31 जुलाई: जिले में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में ‘मेरा युवा भारत’ की जिला सलाहकार सह समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में युवाओं के अधिकाधिक पंजीकरण, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन एवं अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ के उद्देश्यों, पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया तथा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्लस-टू विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘मेरा युवा भारत’ के नोडल पदाधिकारी एवं परिसर प्रतिनिधि नामित किए जाएंगे। साथ ही सर्वाधिक युवा पंजीकरण कराने वाले शिक्षण संस्थानों को जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त ऋतुराज ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को अभियान का नोडल अधिकारी बनाते हुए सभी विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को राष्ट्र निर्माण, कौशल विकास और स्वयंसेवी गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले प्रत्येक युवा का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी सौंपी, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि तथा ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने एवं युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।