5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, नाम छूटने पर मिलेगा दावा-आपत्ति का अवसर

Spread the News

रांची, 31 जुलाई: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 अभियान के तहत 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिन्होंने निर्धारित अवधि में इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, राज्यभर में बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया और इन्यूमरेशन फॉर्म एकत्र किए। हालांकि बड़ी संख्या में फॉर्म जमा नहीं होने और कई मतदाताओं के अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत पाए जाने के कारण ड्राफ्ट सूची से लाखों नाम बाहर हो सकते हैं।

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाता अपने नाम की जांच कर सकेंगे। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं मिलता है या किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो वह निर्धारित अवधि के दौरान दावा एवं आपत्ति दर्ज कर सुधार करा सकेगा। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची का अवश्य अवलोकन करें और आवश्यकता होने पर समय रहते सुधार की प्रक्रिया पूरी करें।

निर्वाचन आयोग का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल न हों।