रामगढ़, 25 जुलाई: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था का तत्काल आकलन कर जहां भी समस्या हो, उसका प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को जिले में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का प्रखंडवार विस्तृत प्रतिवेदन जल्द प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
‘हर घर जल’ योजना के तहत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से सभी कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित घरेलू नल कनेक्शन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति योजनाओं के निर्माण में कोताही बरतने या गुणवत्ता से समझौता करने वाले संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कार्यपालक अभियंता को संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। इसके अलावा ‘हर घर जल’ योजना से आच्छादित क्षेत्रों के शत-प्रतिशत सर्टिफिकेशन का कार्य भी शीघ्र पूरा करने का निर्देश सभी कनीय अभियंताओं को दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।