डिमना डैम में दर्दनाक हादसा: नहाने गए MGM के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत

Spread the News

जमशेदपुर, 25 जुलाई: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित डिमना डैम में शुक्रवार तड़के हुए दर्दनाक हादसे में महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। घटना से अस्पताल परिसर और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, तीन जूनियर डॉक्टर देर रात करीब तीन बजे डिमना डैम क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल फोन पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में एक डॉक्टर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा डॉक्टर भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों गहराई में समा गए। तीसरा साथी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और पुलिस व अस्पताल प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस की टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोनों डॉक्टरों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गहरे पानी में उतरना बताई जा रही है।

मृतक डॉक्टरों की पहचान डॉ. समीर लाल और डॉ. सक्षम सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शोक का माहौल है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा सहित कई चिकित्सक और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले किसी प्रकार का नशा किया गया था या नहीं।