रामगढ़, 19 जुलाई: उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार को चितरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से एक दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का सफल आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट ही ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। परिवहन विभाग की टीम ने सभी आवेदकों के दस्तावेजों की मौके पर ही जांच की। इसके बाद कंप्यूटर आधारित लर्निंग लाइसेंस परीक्षा पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से आयोजित की गई।
मोटरयान निरीक्षक के अनुसार, कैंप में कुल 83 आवेदकों ने पंजीकरण कर परीक्षा दी। इनमें से 47 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जिन्हें नियमानुसार शीघ्र ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा। वहीं 36 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके।
परीक्षा में असफल रहे अभ्यर्थियों को विभागीय अधिकारियों ने निराश न होने की सलाह देते हुए काउंसलिंग की। उन्हें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक संकेतों और यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे अगली परीक्षा में बेहतर तैयारी के साथ शामिल हो सकें।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदार और सुरक्षित चालक बनाना है। उन्होंने बताया कि चितरपुर में कैंप की सफलता को देखते हुए आने वाले दिनों में जिले के अन्य सुदूर प्रखंडों में भी इसी प्रकार के विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।