रांची, 18 अक्टूबर: झारखंड में NEET PG 2026 के तहत एमडी, एमएस, डिप्लोमा और डीएनबी पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, योग्य अभ्यर्थी 21 से 25 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद राज्य मेरिट लिस्ट जारी करने, आपत्तियां प्राप्त करने और मेडिकल कॉलेजों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होकर 25 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद 26 अक्टूबर को प्रोविजनल राज्य मेरिट लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। मेरिट लिस्ट में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 27 अक्टूबर को आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद 28 अक्टूबर को अंतिम राज्य मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके आधार पर अभ्यर्थी 29 और 30 अक्टूबर को अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेजों और पाठ्यक्रमों का चयन करते हुए च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। इसके बाद 2 नवंबर को संबंधित संस्थानों में दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
काउंसलिंग में पात्रता की निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। झारखंड के मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस उत्तीर्ण उम्मीदवारों के अलावा निर्धारित शर्तों के अनुरूप राज्य के स्थानीय निवासी भी आवेदन कर सकते हैं। झारखंड सरकार में कार्यरत पात्र डॉक्टरों के लिए भी प्रावधान है, जिन्होंने राज्य के बाहर के मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है।
अभ्यर्थियों की इंटर्नशिप 30 सितंबर 2026 तक पूरी होना आवश्यक बताया गया है। आवेदन के दौरान संबंधित प्रमाणपत्र और मेडिकल रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है।