सामाजिक सुरक्षा कार्यालय का डीसी ऋतुराज ने किया औचक निरीक्षण, लंबित पेंशन आवेदनों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 07 जुलाई: रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने वृद्धावस्था पेंशन, सर्वजन पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन समेत विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित आवेदनों की संख्या और उनके लंबित रहने के कारणों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में अभिलेखों के संधारण, फाइलों के रखरखाव तथा कार्यालय व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक लाभुक एवं आमजन के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव तत्काल समाधान करें।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें लाभ से जोड़ने, आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए रखने तथा लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने पर भी विशेष बल दिया।