खेलगांव के टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज पहुंचे सीएम हेमंत, बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी

Spread the News

रांची, 07 जुलाई: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचना, रखरखाव, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा मानकों और आधुनिक उपकरणों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। परिसर की बदहाल व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया तथा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शूटिंग रेंज के आधुनिकीकरण और समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसे शीघ्र लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही उपकरणों के रखरखाव, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था और नियमित मॉक ड्रिल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।