रामगढ़, 05 जुलाई: रामगढ़ प्रखंड परिसर में जिला परिवहन विभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कैंप का उद्घाटन रामगढ़ विधायक ममता देवी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के वाहन चालकों एवं युवाओं को उनके घर के निकट ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने बताया कि कैंप के दौरान कुल 109 लोगों ने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया, जिनमें से 69 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार ऐसे शिविर आयोजित कर रहा है और आगे भी इस तरह के कैंप लगाए जाएंगे।
कैंप के साथ मोटरयान निरीक्षक मोनू मृणाल एवं विपुल उरांव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय वाहन चालक एवं युवाओं ने भाग लिया। उन्हें यातायात नियमों से संबंधित मार्गदर्शिका और जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित हो सके।
अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने परिवहन विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलती है। साथ ही बिना लाइसेंस वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण साबित होंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी ने नागरिकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।