रांची, 04 जुलाई: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी सरकारी वाहन और सुरक्षा गार्ड वापस लौटा दिए हैं। इसके बाद शुक्रवार को वह बिना बॉडीगार्ड और सुरक्षा काफिले के विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होते नजर आए। इस घटनाक्रम से राज्य की राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री ने पुलिस मुख्यालय और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर बताया कि उन्हें सुरक्षा के लिए 16 सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन उन्हें ले जाने के लिए पर्याप्त वाहन नहीं दिए गए। उनका कहना था कि तीन वाहनों में सभी सुरक्षाकर्मियों का सुरक्षित और व्यावहारिक ढंग से आवागमन संभव नहीं है। उन्होंने अतिरिक्त एस्कॉर्ट वाहन की मांग की थी, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने पूरी सुरक्षा व्यवस्था ही वापस कर दी।
मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था न तो व्यावहारिक है और न ही प्रभावी। उन्होंने सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग का हवाला देते हुए सभी 16 सुरक्षाकर्मियों और तीन सरकारी वाहनों को वापस करने का निर्णय लिया।
शुक्रवार को वित्त मंत्री रांची के खेलगांव स्टेडियम और प्रोजेक्ट भवन सहित अन्य कार्यक्रमों में बिना सुरक्षा काफिले के पहुंचे। हालांकि, इस मामले पर राज्य सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस विभाग ने सुरक्षाकर्मियों को मंत्री के आवास पर तैनात रहने का निर्देश दिया है।