15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में मौका

Spread the News

नई दिल्ली, 7 जून। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 श्रृंखलाओं तथा 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीमों की घोषणा कर दी। चयनकर्ताओं ने बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर बड़ा भरोसा जताते हुए उन्हें पहली बार भारतीय सीनियर टी20 टीम में शामिल किया है। मात्र 15 वर्ष की उम्र में टीम में जगह बनाकर वैभव ने इतिहास रच दिया है और वह भारत के सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।

वैभव को यह मौका आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के दम पर मिला है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भी माना कि वैभव के प्रदर्शन को नजरअंदाज करना संभव नहीं था।

टीम चयन की दूसरी बड़ी खबर तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की रही, जिन्हें पहली बार भारतीय सीनियर टी20 टीम में जगह मिली है। प्रिंस यादव आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम का हिस्सा हैं और उन्हें भविष्य के तेज गेंदबाज के रूप में देखा जा रहा है।

इस बीच, श्रेयस अयर को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वह आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियाई खेलों तीनों अभियानों में टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं तिलक वर्मा  को उपकप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान सूर्य कुमार यादव को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।

भारत जून के अंत में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगा, जबकि जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला खेलेगा। इसके बाद सितंबर में जापान में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय टीम स्वर्ण पदक बचाने के इरादे से उतरेगी।