रामगढ़, 05 जून: जनगणना 2027 के तहत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा को लेकर गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जनगणना 2027 के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में लेआउट मैपिंग एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य चल रहा है। प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कार्यों की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और सभी अधिकारियों को विशेष ध्यान देकर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने डाटा एंट्री के कार्य को अत्यंत सावधानीपूर्वक करने तथा नियमित रूप से गुणवत्ता जांच (क्वालिटी चेक) सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
बैठक में उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे लेआउट मैपिंग एवं हाउस लिस्टिंग कार्यों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया, ताकि कार्य की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्यों का स्थल निरीक्षण करने को कहा गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए सभी अधिकारियों को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ दायित्व निर्वहन करने पर बल दिया गया।