रामगढ़, 02 जून: राज्य सरकार के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले में आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत एवं रखरखाव कार्य चलाया जा रहा है। विभागीय टीमों को जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जहां खराब जलापूर्ति योजनाओं, पाइपलाइन लीकेज, मोटर खराबी तथा अन्य तकनीकी समस्याओं को दूर करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में बढ़ती जल मांग को देखते हुए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। प्रभावित इलाकों में शिकायत मिलते ही तकनीकी दल मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कर रहे हैं ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। राज्य सरकार ने सभी जिलों को जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा खराब जलस्रोतों और नलकूपों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में जलापूर्ति योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है। जल गुणवत्ता की जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि लोगों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंच सके। केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत भी ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा सके। विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं पर्याप्त मात्रा में पेयजल पहुंचाया जाए और किसी भी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।