रामगढ़, 01 जून: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिले के सभी थाना, ओपी एवं विभिन्न पुलिस प्रतिष्ठानों में रविवार को तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इसके सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित कई घातक रोगों का प्रमुख कारण है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने स्वयं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर थाना एवं ओपी स्तर पर आम नागरिकों को भी तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि वे अपने परिवार के सदस्यों, विशेषकर युवाओं को तंबाकू और धूम्रपान की लत से बचाने के लिए जागरूक करें तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।
पुलिस विभाग द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज में तंबाकू सेवन के प्रति चेतना विकसित करना और लोगों को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराना रहा। अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और सामूहिक प्रयासों से ही इस दिशा में सकारात्मक बदलाव संभव है।