जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ऋतुराज ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 30 मई: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने सभी फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनता दरबार में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण समेत अन्य जन समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने को कहा।