झारखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

Spread the News

201 डीएसपी और एसडीपीओ का तबादला, कई जिलों में बदले गए पुलिस अधिकारी

रांची, 21 मई: झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए एक साथ 201 डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कई जिलों में तैनात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, ट्रैफिक डीएसपी, मुख्यालय डीएसपी तथा विशेष शाखा के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सरकार के इस फैसले को लंबे समय बाद हुआ सबसे बड़ा पुलिस प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। तबादला सूची में रांची, धनबाद, बोकारो, पलामू, गढ़वा, सरायकेला, जामताड़ा और गोड्डा समेत कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं। कई नवप्रोन्नत अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग दी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, कुछ अधिकारियों को झारखंड जगुआर, स्पेशल ब्रांच, वायरलेस, जैप और जंगल वारफेयर इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। वहीं कई एसडीपीओ को नए अनुमंडलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पलामू के मेदिनीनगर, लेस्लीगंज, विश्रामपुर और छतरपुर में भी नए एसडीपीओ की नियुक्ति की गई है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इस बड़े बदलाव का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाना और विभिन्न जिलों में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है।