जनता दरबार में दिखी प्रशासन की संवेदनशीलता, दिव्यांग उमेश गंझू को तुरंत मिली ट्राइसाइकिल

Spread the News

रामगढ़, 20 मई: समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में प्रशासन का मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने दुलमी प्रखंड के बोंगाई गांव निवासी दिव्यांग उमेश गंझू की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्हें मौके पर ही ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में पहुंचे 30 वर्षीय उमेश गंझू ने उपायुक्त से आवागमन में हो रही कठिनाइयों को बताते हुए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिसके बाद उमेश गंझू को ऑन द स्पॉट ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई।

ट्राइसाइकिल मिलने के बाद भावुक हुए उमेश गंझू ने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक साइकिल नहीं, बल्कि उनके आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में इतनी जल्दी समस्या का समाधान होगा, इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी।

इस मौके पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का बिना किसी अनावश्यक प्रक्रिया और विलंब के त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दिव्यांगजनों सहित सभी जरूरतमंदों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।