जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 37 मामलों के त्वरित निष्पादन का उपायुक्त ने दिया निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 20 मई: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी फरियादियों से संवेदनशीलता के साथ मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में कुल 37 फरियादी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदनों की समीक्षा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही। वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभुकों ने सर्वजन पेंशन योजना का लाभ मिलने में हो रही देरी, तकनीकी कारणों से रुकी पेंशन को पुनः शुरू कराने तथा नए आवेदनों की स्वीकृति से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। कई ग्रामीणों ने भूमि विवाद, भूमि सीमांकन, रैयती जमीन पर अवैध कब्जा, दाखिल-खारिज में विलंब तथा न्यायालय के आदेश के बावजूद दखल-दिहानी नहीं मिलने की समस्या उठाई।

जन वितरण प्रणाली से संबंधित मामलों में ग्रामीणों ने राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम जोड़ने तथा पीडीएस दुकानदारों द्वारा राशन वितरण में अनियमितता बरतने की शिकायत की। इसके अतिरिक्त अन्य कई जनहित से जुड़े मामले भी जनता दरबार में आए।

उपायुक्त ऋतुराज ने मौके पर उपस्थित एवं दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों की धरातल पर जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।