नई दिल्ली, 19 मई: सीबीएसई ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के बाद रीवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका जांच शुल्क में भारी कटौती की है। अब छात्र केवल 25 रुपये प्रति प्रश्न देकर उत्तरों की दोबारा जांच (Re-evaluation) करा सकेंगे। इससे पहले प्रति प्रश्न शुल्क 100 रुपये तक लिया जाता था।
सीबीएसई ने यह फैसला ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर उठे सवालों और छात्रों- अभिभावकों की शिकायतों के बाद लिया है। बोर्ड के अनुसार नई व्यवस्था का उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाना है।
नई शुल्क व्यवस्था के तहत छात्र 100 रुपये में स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकेंगे, जबकि उत्तर पुस्तिका सत्यापन शुल्क भी घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा किसी विशेष प्रश्न की पुनः जांच के लिए अब मात्र 25 रुपये देने होंगे।
सीबीएसई ने बताया कि रीवैल्यूएशन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी। छात्र पहले अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करेंगे, उसके बाद संबंधित प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि शुल्क में कटौती से अधिक संख्या में छात्र अपनी कॉपियों की जांच कराने के लिए आगे आएंगे और मूल्यांकन में संभावित त्रुटियों को सुधारा जा सकेगा। वहीं, बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि पुनर्मूल्यांकन के बाद अंक बढ़ते हैं तो संशोधित अंक ही अंतिम माने जाएंगे।