रामगढ़, 14 मई: निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम (आरटीई) 2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में निजी गैर सहायता प्राप्त विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटों पर कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के नामांकन को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, रामगढ़ द्वारा जिले के 16 निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किया गया है। निर्देश के अनुसार, प्रवेश कक्षा में रिक्त एवं शेष सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 मई 2026 को विद्यालय स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा।
जारी पत्र में कहा गया है कि आरटीई पोर्टल “www.rteramgarh.in” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालयों को अपने पोषक क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक अभिभावकों को योजना की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।
विशेष कैंप के दौरान अभिभावकों एवं आवेदनकर्ताओं को ऑनलाइन आवेदन भरने में सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा नामांकन से वंचित न रहे।
जिले के जिन विद्यालयों में यह अभियान चलाया जाएगा उनमें होली क्रॉस स्कूल, घाटोदांड़ सर्वोदय निकेतन, कुजू बाल विद्या मंदिर, आरा कुजू डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, केदला डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, तापीन सरस्वती विद्या मंदिर, कुनदरिया डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, टोपा कोलियरी ओ.पी. जिंदल स्कूल, पतरातु पतरातु स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, पीटीपीएस सरस्वती विद्या मंदिर, पतरातु बाजार सरस्वती शिशु मंदिर, पतरातु थर्मल श्री अग्रसेन स्कूल, भुरकुंडा राम प्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर श्री कृष्णा विद्या मंदिर, रामगढ़ कैंट श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट राधा गोविंद पब्लिक स्कूल शामिल है।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन से निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित तिथि पर विशेष कैंप का सफल आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है।