नईदिल्ली, 14 मई: सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में राजधानी रांची की होनहार छात्रा भाव्या रंजन ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे देश में शहर और राज्य का नाम रोशन किया है। रांची के Oxford Public School की छात्रा भाव्या रंजन ने आर्ट्स स्ट्रीम में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उन्हें आर्ट्स स्ट्रीम की नेशनल टॉपर माना जा रहा है।
भाव्या की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर मिलते ही स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। शिक्षकों, सहपाठियों और अभिभावकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। वहीं परिवार में भी जश्न का माहौल है। शहर के विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों ने भाव्या को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना की है।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि भाव्या शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और उन्होंने अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। शिक्षकों के अनुसार, भाव्या पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं।
भाव्या रंजन की इस सफलता ने न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि से राज्य के हजारों विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी।