10 लाख में खरीदा, 15 लाख में हरियाणा में बेचा: NEET पेपर लीक का आरोपी गिरफ्तार, CBI ने संभाली जांच

Spread the News

नई दिल्ली/नासिक, 13 मई : देशभर में हड़कंप मचाने वाले NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार पर आरोप है कि उसने कथित “गेस पेपर” 10 लाख रुपये में खरीदा और उसे हरियाणा में 15 लाख रुपये में बेच दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शुभम खैरनार नासिक का रहने वाला है और BAMS का छात्र बताया जा रहा है। राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर नासिक क्राइम ब्रांच ने उसे हिरासत में लिया, जिसके बाद CBI ने उसकी कस्टडी ले ली। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी ने एक व्यक्ति से कथित प्रश्नपत्र टेलीग्राम और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए हासिल किया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने प्रश्नपत्र की सॉफ्ट कॉपी हरियाणा के एक खरीदार को भेजी थी, जहां से यह राजस्थान, बिहार, केरल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड समेत कई राज्यों तक पहुंचाया गया। राजस्थान SOG के अनुसार, पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और अब तक करीब 45 संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना हुलिया भी बदल लिया था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और पुराने फोटो के आधार पर उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

इस मामले के सामने आने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। करीब 23 लाख छात्रों पर इसका असर पड़ा है। सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI को जिम्मेदारी सौंपी है।