रांची,09 मई: झारखंड कांग्रेस में नई प्रदेश कमेटी के गठन के बाद अब राज्य की राजनीति में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस कोटे से सरकार में शामिल कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन, संगठन से तालमेल और अंदरूनी खींचतान को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में खास तौर पर कांग्रेस कोटे के दो मंत्रियों के बदले जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश संगठन में हालिया बदलाव के बाद पार्टी नेतृत्व सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने की कोशिश में जुटा है। इसी क्रम में मंत्रिमंडल में भी बदलाव की संभावना पर मंथन चल रहा है। कांग्रेस नेतृत्व आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका देने पर विचार कर सकता है।
इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा प्रदेश नेतृत्व पर लगातार सवाल उठाने से पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कई मुद्दों पर सार्वजनिक बयान दिए हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नई प्रदेश कमेटी बनने के बाद कांग्रेस आलाकमान संगठन और सरकार दोनों स्तर पर संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। ऐसे में मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अब तक पार्टी या सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।