रांची, 03 मार्च 2026: राजधानी रांची से महज 18 किलोमीटर दूर रातू थाना क्षेत्र के चितरकोटा गांव में सोमवार सुबह जंगली हाथी के हमले ने दहशत फैला दी। इस घटना में 45 वर्षीय मजदूर सुबोध खलखो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण रोशन खलखो और पेरिया उराइन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रोशन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे जंगली हाथी गांव के बड़का टोली पतरा इलाके में पहुंचा। ग्रामीणों ने हाथी को देखते ही अफरा-तफरी मचा दी और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। लेकिन शराब के नशे में धुत सुबोध खलखो हाथी के काफी करीब पहुंच गए और उसे ललकारने लगे। इससे भड़ककर हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया। हमले में रोशन और पेरिया भी घायल हो गए।
वन विभाग के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर श्रीकांत वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिवार को तत्काल 25,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है। शेष मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने पर प्रदान किया जाएगा। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर भगाने का प्रयास कर रही है।
प्रशासन ने होली के त्योहार के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वन विभाग और पुलिस ने कहा है कि हाथी से दूरी बनाए रखें, उसे भड़काएं या पीछा न करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना दें। यह वही हाथी माना जा रहा है जो कुछ दिन पहले हटिया इलाके में घुसकर 5 घंटे तक शहर में दहशत फैला चुका था, लेकिन तब कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ था।
झारखंड में जंगलों की कटाई और आवास संकट के कारण मानव-हाथी संघर्ष तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में हाल के दिनों में कई मौतें हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोग गंभीर चिंता में हैं। प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।