बिहार विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में मतदान शुरू, 3.7 करोड़ वोटरों की भागीदारी

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

पटना, 11 नवंबर 2025:बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। 20 जिलों की 122 सीटों पर 1,302 उम्मीदवारों की किस्मत 3.7 करोड़ मतदाताओं के हाथ में है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हैं, खासकर सीमांचल और चंपारण क्षेत्र में।

चुनाव आयोग ने 45,399 बूथ बनाए हैं, जिनमें 8,491 संवेदनशील हैं। सुरक्षा के लिए 4 लाख से अधिक जवान तैनात हैं। भारत-नेपाल सीमा पर 72 घंटे की नाकाबंदी और शुष्क दिवस लागू हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुबह वोट डाला और रिकॉर्ड मतदान की अपील की। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने युवाओं से घर-घर जाकर वोटिंग कराने का आग्रह किया। पहली बार वोट देने वाले युवाओं में खास उत्साह दिख रहा है।

प्रमुख सीटों पर जेडीयू-बीजेपी के मंत्री लेशी सिंह, सुमित कुमार सिंह, नीरज कुमार सिंह मैदान में हैं। महागठबंधन और जन सुराज भी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। पहले चरण में 64.66% मतदान हुआ था; आज 65% से अधिक की उम्मीद है। मतगणना 14 नवंबर को होगी। बिहार का भविष्य आज तय हो रहा है हर वोट मायने रखता है।