धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती: स्थिति स्थिर, परिवार ने की प्रार्थना की अपील

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

मुंबई, 11 नवंबर 2025: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (89) को सोमवार को सांस लेने में तकलीफ के बाद मुंबई के ब्रेच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. देव पाहलजानी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। परिवार के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है और वे आईसीयू में ऑब्जर्वेशन पर हैं।

हेमा मालिनी ने एक्स पर लिखा, “धर्म जी ठीक हैं, डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। कृपया प्रार्थना करें।” सनी देओल के प्रवक्ता ने अफवाहों का खंडन करते हुए कहा, “वे वेंटिलेटर पर नहीं हैं। झूठी खबरें न फैलाएं।”

शाहरुख खान, सलमान खान, गोविंदा समेत कई सितारे अस्पताल पहुंचे। बॉबी देओल की पत्नी तान्या भी परिवार के साथ मौजूद रहीं। सोशल मीडिया पर निधन की अफवाहें वायरल हुईं, जिन्हें परिवार ने खारिज किया।

छह दशक के करियर में 300+ फिल्में देने वाले ‘ही-मैन’ हाल ही में ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे। 8 दिसंबर को उनका 90वां जन्मदिन है। डॉक्टरों ने अगले 48 घंटे अहम बताया। फैंस और बॉलीवुड उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।