राधा गोविंद विश्वविद्यालय में मशीन लर्निंग पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

Spread the News

विशेषज्ञ प्रो. पल्लव कुमार दास ने छात्रों को मशीन लर्निंग की बारीकियों से कराया अवगत

रामगढ़, 24 जुलाई – राधा गोविंद विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा गुरुवार को “मशीन लर्निंग” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मानभूम महाविद्यालय के प्रो. पल्लव कुमार दास ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में सहभागिता की और छात्रों को मशीन लर्निंग की मूल अवधारणाओं, उपयोगिताओं और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कुलाधिपति बी. एन. साह ने छात्रों को शोध और नवाचार की दिशा में कार्य करने हेतु प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सचिव प्रियंका कुमारी ने कार्यशाला की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के इस उन्नत क्षेत्र में सतत सीखने की शुभकामनाएं दीं।

कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने स्वागत भाषण में सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार ने कार्यशाला के उद्देश्य और प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को उन्नत तकनीकी कौशल से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन व्याख्याता वैष्णवी ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस सफल आयोजन ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में राधा गोविंद विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को एक बार फिर से दर्शाया।