मुंबई: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज 42 वर्ष की उम्र में उनका आकस्मिक निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) के कारण हुई।
इस दुखद घटना की पुष्टि सबसे पहले सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर की। इसके बाद शेफाली के निजी मेकअप आर्टिस्ट ने भी एक समाचार पत्र से बातचीत में उनकी मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना रात लगभग 11 बजे की है।
सूत्रों के अनुसार, शेफाली को अचानक सीने में तेज़ दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें तुरंत लोखंडवाला स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल के एक डॉक्टर ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है।
डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि के बावजूद, परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
शेफाली जरीवाला को साल 2002 में आए मशहूर म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से घर-घर में पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्म में अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ अभिनय किया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनके पति पराग त्यागी गाड़ी में बैठे गहरे दुख में नजर आ रहे हैं। प्रशंसक इस खबर से स्तब्ध हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
शेफाली की असमय मृत्यु ने एक बार फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कैसे स्वस्थ दिखने वाले लोग भी अचानक हृदय संबंधी समस्याओं के शिकार हो रहे हैं। उनका यूं अचानक चले जाना फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है।