देवघर में श्रावणी मेले की तैयारी जोरों पर, 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना

Spread the News

देवघर: राज्य के पर्यटन और नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने सोमवार को देवघर पहुंचकर आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था की समीक्षा की और कांवरिया पथ समेत विभिन्न मार्गों पर रूट लाइनिंग कार्य का निरीक्षण भी किया।

मंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष श्रावणी मेला अत्यंत भव्य रूप में आयोजित होगा और करीब 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद मेले की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं, और सभी संबंधित विभागों को अगले 28 दिनों के भीतर जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

फीडबैक के लिए क्यूआर कोड, 30 मिनट में शिकायत का समाधान

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार मेले में नई तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। मेला क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालयों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिसके जरिए श्रद्धालु सफाई या अन्य समस्याओं पर तत्काल फीडबैक दे सकेंगे। प्राप्त शिकायतों का अधिकतम 30 मिनट के भीतर निवारण किया जाएगा। यदि तय समय में समाधान नहीं होता, तो शिकायत स्वतः संबंधित उच्चाधिकारी तक पहुंच जाएगी।

दोबारा निरीक्षण के लिए मंत्री जुलाई में आएंगे

मंत्री सुदिव्य कुमार ने यह भी बताया कि 6 और 7 जुलाई को वे पुनः देवघर का दौरा करेंगे, जहां वे अधिकारियों के साथ दूसरी चरण की समीक्षा बैठक करेंगे और कार्य प्रगति का निरीक्षण करेंगे। उनका स्पष्ट संदेश है कि मेला व्यवस्था इस तरह हो कि कोई श्रद्धालु असुविधा का शिकार न हो और सभी भक्तजन संतोषजनक और श्रद्धापूर्ण अनुभव के साथ देवघर से वापस लौटें।

श्रावणी मेला, जो सावन मास में प्रतिवर्ष आयोजित होता है, न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारतवर्ष से लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर जुटा है।