पाकिस्तानी हिंदू नागरिकों के लिए लॉन्ग टर्म वीजा जारी रहेंगे: विदेश मंत्रालय

Spread the News

नई दिल्ली: हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने की घोषणा से फैले भ्रम के बीच, विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तानी हिंदू नागरिकों को जारी लॉन्ग टर्म वीजा (एलटीवी) मान्य और प्रभावी बने रहेंगे। मंत्रालय ने बताया कि इन वीजा को रद्द करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।

सरकार का यह निर्णय मानवीय आधार पर लिया गया है। इसका उद्देश्य उन अल्पसंख्यक हिंदुओं को राहत देना है जो वर्षों से पाकिस्तान में धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं और भारत में शरण चाहते हैं। मंत्रालय के इस बयान से उन हजारों पाकिस्तानी हिंदू नागरिकों और मानवाधिकार संगठनों को राहत मिली है जो वीजा निलंबन के बाद आशंकित थे।

गौरतलब है कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मृत्यु हुई थी और 15 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके बाद भारत सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के मौजूदा वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए थे और नई वीजा सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दी थीं।

हालांकि, एलटीवी वीजा धारकों को इस आदेश से बाहर रखा गया है। इसके अलावा, विदेश मंत्रालय ने यह भी घोषणा की कि सार्क वीजा छूट योजना (SVES) के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को भारत यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पहले से जारी SVES वीजा को भी रद्द माना जाएगा, और ऐसे सभी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही, नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को ‘अवांछित व्यक्ति’ घोषित करते हुए एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ने को कहा गया है।