रामगढ़ जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं विभिन्न खेल संघों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “दौड़ेगा रामगढ़ – बढ़ेगा रामगढ़” मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस को समर्पित रही, जिसमें स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और ओड़िशा सहित विभिन्न राज्यों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शुभारंभ और सुरक्षा व्यवस्था
मैराथन का शुभारंभ छावनी फुटबॉल मैदान से हुआ, जिसे जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेमरोम, पीवीयूएनएल के जियाउर रहमान, जिंदल के प्लांट हेड सत्येंद्र सिंह, डीएवी बरकाकाना के प्राचार्य मुस्तफा मजीद, आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल, सचिव सीडी सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष शशि पांडेय, गुरुद्वारा प्रधान परमदीप सिंह कालरा, संरक्षक सरदार अनमोल सिंह और कोषाध्यक्ष कीर्ति गौरव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रतियोगिता के दौरान धावकों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। पूरे मार्ग में पुलिस बल तैनात रहे, जबकि आयोजन समिति ने प्रतिभागियों की निगरानी के लिए बाइक स्कॉट की व्यवस्था की। दौड़ के हर चरण की वीडियोग्राफी भी की गई।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रतियोगिता में 10 किमी पुरुष वर्ग और 6 किमी महिला वर्ग के अलावा “रन एंड फन” श्रेणी के लिए 2 किमी की दौड़ भी आयोजित हुई।
पुरुष वर्ग के विजेता:
1. चंदन यादव (उत्तर प्रदेश) – प्रथम स्थान
2. ए. चौधरी (उत्तर प्रदेश) – द्वितीय स्थान
3. मनोज सिंह (उत्तराखंड) – तृतीय स्थान
4. अर्जुन टुडू (जमशेदपुर) – चतुर्थ स्थान
5. हिमांशु पलसिया (उत्तराखंड) – पंचम स्थान
महिला वर्ग के विजेता:
1. सपना रघुवंशी (मध्यप्रदेश) – प्रथम स्थान
2. आकांक्षा सिंह (मिर्जापुर) – द्वितीय स्थान
3. सोनी देवी (वाराणसी) – तृतीय स्थान
4. प्रतिमा वर्मा (वाराणसी) – चतुर्थ स्थान
5. पूजा सिंह (रांची) – पंचम स्थान
सम्मान और पुरस्कार वितरण
सभी विजेताओं को आयोजन समिति द्वारा प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट और फिनिशर मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने कहा कि “इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और फिटनेस को प्रोत्साहित करना है। इस तरह के आयोजनों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।”
इस अवसर पर डीएवी बरकाकाना के पूर्व प्राचार्य डॉ. उर्मिला सिंह, रामगढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जैन, मनमोहन सिंह लांबा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।